सिद्धार्थनगर

उत्तर प्रदेश सरकार के ‘मिशन रोजगार’ अभियान के तहत शनिवार को युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियों की बड़ी सौगात मिली। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

उत्तर प्रदेश सरकार के ‘मिशन रोजगार’ अभियान के तहत शनिवार को युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियों की बड़ी सौगात मिली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित लोकभवन सभागार में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में विभिन्न विभागों के कुल 818 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि राज्य सरकार आगामी 6 महीनों में 1 लाख और युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी देगी, जिसके तहत अब प्रत्येक सप्ताह नियुक्ति पत्र वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
बिना भेदभाव और लेन-देन के 9.5 लाख भर्तियां: मुख्यमंत्री
राजधानी लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने 21 अभ्यर्थियों को अपने हाथों से नियुक्ति पत्र सौंपे, जबकि शेष 797 अभ्यर्थियों को विभागीय व्यवस्था के तहत पत्र दिए गए। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से अब तक प्रदेश में 9.5 लाख युवाओं को पूरी निष्पक्षता और योग्यता के आधार पर नौकरियां मिली हैं। पिछली सरकारों के दौर में भर्तियों में होने वाली ‘चाचा-भतीजा’ वसूली व्यवस्था को खत्म कर सरकार ने पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया स्थापित की है।
उन्होंने बताया कि आने वाले 6 महीनों में होने वाली 1 लाख भर्तियों में अकेले 77 हजार पद पुलिस और होमगार्ड विभाग से संबंधित होंगे। शनिवार को व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास, उद्योग निदेशालय, चिकित्सा स्वास्थ्य और आयुष विभाग में नियुक्तियां दी गईं, जिनमें मुख्य रूप से 357 एक्स-रे टेक्नीशियन और 361 होम्योपैथिक फार्मासिस्ट शामिल हैं।
सिद्धार्थनगर के अंबेडकर सभागार में 13 अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति पत्र
लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का कलेक्ट्रेट स्थित अंबेडकर सभागार में सजीव प्रसारण दिखाया गया। इसके उपरांत जिला स्तरीय वितरण समारोह में जिले के 13 चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इनमें चिकित्सा विभाग के 7 एक्स-रे टेक्नीशियन तथा आयुष विभाग के 6 होम्योपैथिक फार्मासिस्ट शामिल हैं। नियुक्ति पत्र पाकर युवाओं और उनके परिजनों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने बताया कि नवनियुक्त एक्स-रे टेक्नीशियनों की तैनाती ग्रामीण अंचलों के सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर की जाएगी। इससे ग्रामीण मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही जांच की सुविधा मिलेगी और उन्हें मामूली जांच के लिए जिला अस्पताल की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
समारोह में ये रहे उपस्थित
सिद्धार्थनगर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक श्यामधनी राही, विधायक विनय वर्मा, जिलाध्यक्ष शीतल सिंह, दीपक मौर्य, फूलचंद जायसवाल, जिलाधिकारी, सीएमओ डॉ. संजय दोहरे सहित प्रशासनिक अधिकारी और नवचयनित अभ्यर्थी उपस्थित रहे।
#महराजगंज जनपद के निचलौल थाना क्षेत्र के अंतर्गत बरगदयी गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लट&&का हुआ पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। pic.twitter.com/S62xlhSULC
— Voice of News 24 (@VOfnews24) September 19, 2026












