मऊ
मऊ जनपद में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार और प्रशासनिक उदासीनता के खिलाफ सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

मऊ जनपद में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार और प्रशासनिक उदासीनता के खिलाफ सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष विक्रमजीत सिंह के नेतृत्व में जुटे दर्जनों कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपकर विकास कार्यों में हुई धांधली की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की।
ग्राम पंचायतों में सरकारी धन की बंदरबांट का आरोप
मीडिया से मुखातिब होते हुए जिलाध्यक्ष विक्रमजीत सिंह ने गंभीर आरोप लगाए कि जिले के कई गांवों में ग्राम प्रधानों और पंचायत सचिवों की मिलीभगत से सरकारी धन का जमकर दुरुपयोग हुआ है। उन्होंने विशेष रूप से ब्लॉक रानीपुर के ग्राम दुर्जेपुर तथा ब्लॉक परदहा के ग्राम नसीरपुर व सरयां का उल्लेख करते हुए कहा कि यहाँ सड़कों, नालियों और पोखरों के सौंदर्यीकरण के नाम पर या तो घटिया निर्माण कराया गया है या बिना काम किए ही कागजों पर भुगतान कर लिया गया है।
उच्च स्तरीय जांच की मांग
पार्टी ने स्थानीय जांच पर अविश्वास जताते हुए कहा कि छोटे-बड़े अधिकारी आपस में मिले हुए हैं, जिससे भ्रष्टाचार की जड़ें गहरी हो गई हैं। इसके अलावा, कार्यकर्ताओं ने डुमराव गांव में बदहाल सड़क के नवनिर्माण की भी पुरजोर मांग की। विक्रमजीत सिंह ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो आम आदमी पार्टी जिले भर में निर्णायक जनआंदोलन शुरू करेगी।
इस प्रदर्शन में ए.के. सहाय, संजीव सिंह, हैदर अली, सैउरीना निशा और अंकुर यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हजरतगंज कोतवाली पहुंचीं नेहा सिंह राठौर: ‘चौकीदरवा कायर बा’ गाने को लेकर दर्ज कराया बयानhttps://t.co/jFrh0C0QHD
— Voice of News 24 (@VOfnews24) January 19, 2026



















