सिद्धार्थनगर: सांसद खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ, खिलाड़ियों के उत्साह से थमी कड़ाके की ठंड

सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर जनपद के जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में सोमवार को ‘सांसद खेल महोत्सव 2025’ का शानदार आगाज हुआ। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद के जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में सोमवार को ‘सांसद खेल महोत्सव 2025’ का शानदार आगाज हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आयुक्त बस्ती मंडल अखिलेश सिंह, विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन, पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन और डुमरियागंज सांसद जगदम्बिका पाल की गरिमामयी उपस्थिति में खेलों का विधिवत शुभारंभ किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ स्वागत

समारोह की शुरुआत एनसीसी और स्काउट गाइड के बैंड-बाजों की धुन के साथ हुई। मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के बाद कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं ने शिव तांडव स्तुति और सरस्वती वंदना की मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं, केंद्रीय विद्यालय के बच्चों ने स्वागत गीत और बर्डपुर के छात्रों ने योग के विभिन्न आसनों का प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया।

मशाल प्रज्ज्वलन और मार्च पास्ट

आयुक्त अखिलेश सिंह ने ध्वजारोहण कर और गुब्बारे उड़ाकर खेल महोत्सव की घोषणा की। राज्य स्तरीय खो-खो खिलाड़ी ने जलती हुई मशाल लेकर मैदान की परिक्रमा की, जिसके बाद मार्च पास्ट की सलामी ली गई। व्यायाम शिक्षिका सीमा मिश्रा ने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना की शपथ दिलाई।

ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा वैश्विक मंच

मुख्य अतिथि अखिलेश सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का लक्ष्य 2027 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है, जिसमें खेलों की अहम भूमिका है। उन्होंने बताया कि अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी संसाधन और मैदान उपलब्ध कराए जा रहे हैं ताकि यहां के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमक सकें।

सांसद जगदम्बिका पाल ने बताया कि यह महोत्सव पिछले पांच वर्षों से आयोजित हो रहा है। ब्लॉक और तहसील स्तर के विजेता खिलाड़ी अब जनपद स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि खेलों के प्रोत्साहन के लिए 10 लाख रुपये का फंड बनाया गया है, जिससे भविष्य की खेल गतिविधियों में मदद मिलेगी।

स्वास्थ्य और अनुशासन का संदेश

जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने खेल को मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए अनिवार्य बताया और युवाओं को प्रतिदिन दो घंटे खेलने की सलाह दी। एसपी डॉ. अभिषेक महाजन और पालिका अध्यक्ष गोविन्द माधव ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

अंत में, अतिथियों ने बेहतर प्रस्तुति देने वाले बच्चों को नकद पुरस्कार से सम्मानित किया। उद्घाटन सत्र के बाद खो-खो (बालिका वर्ग) और ताइक्वांडो की प्रतियोगिताओं के साथ खेल महोत्सव की औपचारिक शुरुआत हुई। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. रजत कुमार चौरसिया, डीआईओएस अरुण कुमार, बीएसए शैलेष कुमार सहित भारी संख्या में कोच, शिक्षक और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

 

Voice Of News24

This error message is only visible to WordPress admins

Error 403: The request cannot be completed because you have exceeded your quota..

Domain code: youtube.quota
Reason code: quotaExceeded

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.