महराजगंज

दिवाली की झालर उतारते समय हुआ दर्दनाक हादसा, बचाने दौड़ी पत्नी और बेटी भी करंट की चपेट में आईं!

महराजगंज जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम कैमा में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर की छत पर लगी दिवाली की झालर उतारते समय हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने के प्रयास में उनकी 16 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से झुलस गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कैमा निवासी रामधारे (40) मंगलवार को अपने घर की छत पर दिवाली के अवसर पर लगाई गई सजावटी झालर और लाइट उतार रहे थे। इसी दौरान अनजाने में वह छत के बेहद करीब से गुजर रहे हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आ गए। पति को करंट से तड़पता देख उनकी पत्नी पुष्पा (38) और बेटी गोल्डी (16) उन्हें बचाने के लिए दौड़ीं, लेकिन वे दोनों भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गईं।
चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने किसी तरह तीनों को करंट से अलग किया और आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया। वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने रामधारे और उनकी पत्नी पुष्पा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से झुलसी बेटी गोल्डी की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही कोठीभार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक ही परिवार के दो सदस्यों की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में कुछ दिन पहले दिवाली की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।


















