जौनपुर

जौनपुर जनपद में प्रतिभा, कठिन परिश्रम और लक्ष्य के प्रति अटूट समर्पण के दम पर जौनपुर के होनहार युवा उत्कर्ष कुमार नाग ने जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

जौनपुर जनपद में प्रतिभा, कठिन परिश्रम और लक्ष्य के प्रति अटूट समर्पण के दम पर जौनपुर के होनहार युवा उत्कर्ष कुमार नाग ने जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उत्कर्ष का चयन देश की शीर्ष अंतरिक्ष एजेंसी भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) में वैज्ञानिक (Scientist) के प्रतिष्ठित पद पर हुआ है। इस कठिन चयन प्रक्रिया में उन्होंने ऑल इंडिया रैंक-3 हासिल कर अपनी मेधा का लोहा मनवाया है।
MNNIT प्रयागराज से पूरी की इंजीनियरिंग की पढ़ाई
उत्कर्ष कुमार नाग ने मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNNIT), प्रयागराज से इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में बीटेक (B.Tech) की डिग्री हासिल की है। तकनीकी शिक्षा के दौरान ही उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत से मजबूत शैक्षणिक आधार तैयार किया था, जिसका सुखद परिणाम आज देश की प्रतिष्ठित अंतरिक्ष संस्था में वैज्ञानिक के रूप में चयन के तौर पर सामने आया है।
साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर रचा इतिहास
उत्कर्ष की यह सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने एक साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से निकलकर यह मुकाम हासिल किया है। उनके पिता मनोज चौरसिया नगर पालिका में लिपिक के पद पर कार्यरत रहे हैं और वर्तमान में सेवानिवृत्त हो चुके हैं। बेटे की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरे परिवार में जश्न का माहौल है और क्षेत्र के लोगों में गर्व का भाव है।
युवाओं के लिए बने प्रेरणास्रोत
ISRO जैसी प्रतिष्ठित वैज्ञानिक संस्था में चयन और देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त करना उत्कर्ष के धैर्य और लगन का प्रमाण है। उनकी यह उपलब्धि जौनपुर के उन तमाम युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है, जो विज्ञान और तकनीकी के क्षेत्र में अपना भविष्य संवारने का सपना देख रहे हैं। उत्कर्ष की सफलता की खबर मिलते ही उनके घर बधाई देने वालों का तांता लग गया है। परिजन, मित्रों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई है कि वे आगामी दिनों में अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।
यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 38 IAS अफसरों के तबादले https://t.co/eK7E1tibbE
— Voice of News 24 (@VOfnews24) November 14, 2026


















