अहमदगढ़

बुलंदशहर जनपद में अवैध मिट्टी खनन के कारोबार पर लगाम कसने के लिए खनन विभाग ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद में अवैध मिट्टी खनन के कारोबार पर लगाम कसने के लिए खनन विभाग ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। थाना अहमदगढ़ क्षेत्र के जंगलों में बड़े पैमाने पर चल रहे अवैध खनन की सूचना पर जिला खनन अधिकारी ने औचक छापेमारी कर मौके से मिट्टी ढुलाई में लगे तीन बड़े डंपरों को पकड़कर सीज कर दिया। इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के खनन माफिया और कारोबारियों में अफरा-तफरी मच गई।
मुमरेजपुर और फतेहगढ़ के जंगलों में चल रहा था अवैध खेल
जानकारी के अनुसार, जिला खनन अधिकारी बृजमोहन सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना अहमदगढ़ क्षेत्र अंतर्गत मुमरेजपुर और फतेहगढ़ के जंगलों में रात-दिन जेसीबी और डंपर लगाकर बड़े पैमाने पर अवैध रूप से मिट्टी का कटान किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि होते ही खनन अधिकारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर धावा बोला और अवैध रूप से मिट्टी ढो रहे तीन डंपरों को रंगे हाथ दबोच लिया।
सिफारिशें नहीं आईं काम, थाने में खड़े कराए गए वाहन
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पकड़े गए डंपरों को छुड़ाने के लिए खनन माफिया और उनके समर्थकों ने अधिकारियों पर दबाव बनाने और खुशामद करने की पूरी कोशिश की। हालांकि, खनन अधिकारी ने किसी की एक न सुनी और निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए तीनों डंपरों को सीज कर अहमदगढ़ थाने में खड़ा करवा दिया।
अवैध खनन के खिलाफ जारी रहेगा अभियान: खनन अधिकारी
जिला खनन अधिकारी बृजमोहन सिंह ने दो टूक शब्दों में कहा कि जनपद में किसी भी सूरत में अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राकृतिक संपदा का अवैध दोहन करने वालों और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा पकड़े जाने पर कठोर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
वहीं, जंगलों में खुलेआम चल रहे अवैध मिट्टी खनन पर खनन विभाग द्वारा सीधे छापेमारी किए जाने के बाद स्थानीय पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर भी सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि थाने से महज कुछ दूरी पर जंगलों में लंबे समय से अवैध मिट्टी का कटान चल रहा था, लेकिन स्थानीय स्तर पर इस पर कोई प्रभावी रोक नहीं लग सकी। फिलहाल डंपरों के सीज होने से अवैध धंधे में लिप्त कारोबारियों में खलबली मची हुई है।
महराजगंज जनपद में आगामी धनतेरस और दीपावली पर्व के दौरान नगर में यातायात को सुगम बनाए रखने और बाजारों में उमड़ने वाली आमजन की भारी भीड़ की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महराजगंज पुलिस ने नया ट्रैफिक प्लान लागू किया है। https://t.co/8kutlO0YQt
— Voice of News 24 (@VOfnews24) November 5, 2026












