जौनपुर
लाइन बाजार थाना पुलिस ने एक बड़े फर्जी मल्टी लेवल मार्केटिंग और पिरामिड चेन नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए गिरोह के मुख्य सरगना सहित 7 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह बेरोजगार युवाओं को 25 हजार रुपये प्रति माह की नौकरी का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी कर रहा था। पुलिस ने मौके से बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के करीब 30 प्रशिक्षु (ट्रेनी) युवक-युवतियों को सकुशल मुक्त कराया है। इनके पास से एक थार गाड़ी, दो मोटरसाइकिलें, 11 मोबाइल फोन और कॉरपोरेट दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
₹25,000 की नौकरी का लालच देकर वसूलते थे मोटी रकम
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ‘MS EARTH इंटरप्राइजेज’ नाम से फर्जी कंपनी और ‘Royal Health Wellness Private Limited’ के नाम पर अवैध मल्टी लेवल मार्केटिंग का जाल चला रहे थे। गिरोह के सदस्य बाहरी राज्यों के बेरोजगार युवाओं को फोन कर वाराणसी बुलाते थे और ₹25,000 प्रति माह वेतन वाली नौकरी का लालच देकर उनका फर्जी इंटरव्यू लेते थे।
इसके बाद ज्वाइनिंग और रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर प्रति व्यक्ति ₹30,000 से ₹35,000 वसूल किए जाते थे। बदले में युवाओं को महज ₹1,000 से ₹2,000 मूल्य की सामान्य किट (कपड़े, तेल, साबुन आदि) थमा दी जाती थी।
ब्रेनवॉश कर चेन बनाने का दबाव, ₹34 करोड़ का लेन-देन
ट्रेनिंग के दौरान इन युवाओं का पूरी तरह से ब्रेनवॉश किया जाता था और हर नए सदस्य पर 3 और लोगों को जोड़ने (पिरामिड चेन बनाने) का मानसिक दबाव बनाया जाता था। यदि कोई युवा नए लोग जोड़ने से मना करता, तो उसे वेतन न देने और जमा किए गए पैसे वापस न करने की धमकी देकर प्रताड़ित किया जाता था।
पुलिस की वित्तीय जांच में कंपनी के मुख्य संचालक राहुल राजभर के यूनियन बैंक खाते में लगभग ₹34 करोड़ का संदिग्ध लेन-देन पाया गया है, जिससे ठगी के इस नेटवर्क के विशाल होने का अनुमान है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
पुलिस ने लाइन बाजार थाने में मु0अ0सं0 280/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 140(2), 308(5), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर निम्नलिखित आरोपियों को जेल भेज दिया है:
राहुल राजभर (मुख्य सरगना) – निवासी: वाराणसी
संतोष कुमार पटेल – निवासी: बांदा
हवलदार पाल – निवासी: सुल्तानपुर
प्रदीप पाल – निवासी: सुल्तानपुर
चन्दन दोहरे – निवासी: कन्नौज
तिरोस राजभर – निवासी: जौनपुर
अरविन्द राजभर – निवासी: वाराणसी
बरामदगी का विवरण:
11 मोबाइल फोन
01 महिंद्रा थार गाड़ी
01 बुलेट मोटरसाइकिल
01 पल्सर मोटरसाइकिल
₹600 नकद एवं कार्यालय से कई महत्वपूर्ण कॉरपोरेट दस्तावेज।
सतर्कता संदेश: फर्जी नेटवर्क मार्केटिंग से सावधान!
जनहित में जारी: बेरोजगार युवाओं और आम नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी ऐसी कंपनी के झांसे में न आएं जो नौकरी देने के नाम पर पहले पैसों की मांग करती है या लोगों को जोड़ने (चेन सिस्टम) पर कमीशन का लालच देती है। किसी भी संस्थान में जुड़ने से पहले उसकी वैधता की
अच्छी तरह जांच कर लें।












