जौनपुर
जौनपुर जिले में महिलाओं के साथ चैन स्नैचिंग की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए जौनपुर पुलिस ने संदिग्ध आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जनसहयोग की अपील की है। पुलिस का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति चैन छीनने की घटनाओं में शामिल आरोपियों की पहचान करता है या उनके संबंध में कोई जानकारी रखता है, तो वह तत्काल पुलिस को सूचना दे।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। नागरिक जौनपुर पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल पर इनबॉक्स के माध्यम से भी जानकारी साझा कर सकते हैं या सीधे पुलिस से संपर्क कर सकते हैं।
जौनपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस सूचना को गाजीपुर, आजमगढ़, वाराणसी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर सहित आसपास के जिलों में अधिक से अधिक साझा करें, ताकि आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
पुलिस ने कहा कि अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जनसहयोग बेहद आवश्यक है और आमजन की सतर्कता से ऐसे अपराधियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाया जा सकता है।












