सिद्धार्थनगर
सिद्धार्थनगर जनपद के जोगिया कोतवाली अंतर्गत नदेपार चौराहे पर गत 10 मार्च को हुई शिवम कसौधन की नृशंस हत्या के मामले में पुलिसिया कार्रवाई पर गंभीर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद के जोगिया कोतवाली अंतर्गत नदेपार चौराहे पर गत 10 मार्च को हुई शिवम कसौधन की नृशंस हत्या के मामले में पुलिसिया कार्रवाई पर गंभीर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। घटना के 15 दिन बीत जाने के बाद भी मुख्य साजिशकर्ता और नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित पीड़ित परिवार और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन कर न्याय की गुहार लगाई।
दर-दर भटक रहा पीड़ित परिवार, प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
मृतक शिवम के पिता इंद्रेश कसौधन ने जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में आरोप लगाया कि पुलिस ने शुरुआती 48 घंटों में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक केवल एक ही अभियुक्त पकड़ा गया है। पीड़ित का कहना है कि मुख्य नामजद अभियुक्त पवन वर्मा, उसकी पत्नी, प्रिंस मिश्रा और प्रियांशु मिश्रा खुलेआम घूम रहे हैं और परिवार को निरंतर धमकियां दे रहे हैं।
क्राइम ब्रांच की जांच पर भी उठे सवाल
व्यापार संघ अध्यक्ष अजय कसोधन और भीमचंद के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि विवेचना क्राइम ब्रांच को हस्तांतरित होने के बावजूद परिणाम ‘शून्य’ है। क्राइम ब्रांच द्वारा मांगा गया अतिरिक्त समय भी समाप्त हो चुका है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस और प्रशासन की टालमटोल वाली नीति से अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं, जिससे ऐसा प्रतीत होता है कि आरोपियों को स्थानीय पुलिस का संरक्षण प्राप्त है।
आमरण अनशन और धरने का अल्टीमेटम
पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि आगामी रविवार तक शेष सभी अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित नहीं की गई, तो वे सोमवार से जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में ग्रामीणों के साथ अनिश्चितकालीन धरना और आमरण अनशन शुरू करेंगे। परिजनों ने स्पष्ट किया कि इस दौरान होने वाली किसी भी मानसिक, शारीरिक या आर्थिक क्षति की पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस की होगी।
इस विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में व्यापार मंडल के सदस्य और नदेपार क्षेत्र के ग्रामीण उपस्थित रहे, जिन्होंने एक स्वर में “शिवम को न्याय दो” के नारे लगाए।
रायबरेली: कामर्शियल गैस की किल्लत के बीच घरेलू सिलेंडरों का अवैध इस्तेमाल, वीडियो वायरलhttps://t.co/8Zc57bc8he
— Voice of News 24 (@VOfnews24) March 26, 2026























