बागापार

महराजगंज जनपद के मिठौरा विकासखंड क्षेत्र के पिपरा कल्याण गांव में अंत्योदय अन्न योजना के तहत राशन ले रहे लाभार्थियों की पात्रता परखने के लिए बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने सघन जांच अभियान चलाया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के मिठौरा विकासखंड क्षेत्र के पिपरा कल्याण गांव में अंत्योदय अन्न योजना के तहत राशन ले रहे लाभार्थियों की पात्रता परखने के लिए बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने सघन जांच अभियान चलाया। आईजीआरएस (IGRS) पोर्टल पर दर्ज शिकायत का संज्ञान लेते हुए पूर्ति विभाग और ग्राम पंचायत के अधिकारियों ने गांव के सभी 112 अंत्योदय कार्ड धारकों के घर-घर जाकर उनकी वास्तविक आर्थिक स्थिति का स्थलीय सत्यापन किया।
संपन्न लोगों को लाभ देने और पंचायत भवन में जुए का आरोप
मिली जानकारी के मुताबिक, गांव के एक शिकायतकर्ता ने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव में अंत्योदय कार्ड आवंटन में भारी अनियमितता बरती गई है। आरोप लगाया गया कि पक्के मकान, निजी शौचालय और अन्य आधुनिक सुख-सुविधाओं से संपन्न लोग भी अत्यंत गरीबों के लिए संचालित अंत्योदय योजना का लाभ ले रहे हैं, जिससे जरूरतमंद और पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित हैं।
इसके अतिरिक्त, शिकायत में पंचायत भवन परिसर में कुछ अराजक तत्वों द्वारा जुआ खेले जाने का भी गंभीर आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की मांग की गई थी।
डीएम के निर्देश पर शाम 4 बजे गांव पहुंची टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर बुधवार शाम करीब 4 बजे जांच टीम पिपरा कल्याण गांव पहुंची। टीम का नेतृत्व पूर्ति निरीक्षक अरविंद कुमार सिंह और ग्राम पंचायत सचिव सर्वोत्तम विश्वकर्मा ने किया।
अधिकारियों ने गांव में एक-एक कर कार्ड धारकों के घरों का स्थलीय निरीक्षण किया और उनके रहन-सहन, मकान की स्थिति और आय के स्रोतों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए।
रिपोर्ट के आधार पर होगी अपात्रों पर कार्रवाई
पूर्ति निरीक्षक अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत पिपरा कल्याण में कुल 112 अंत्योदय राशन कार्ड धारक पंजीकृत हैं। आईजीआरएस पर मिली शिकायत के क्रम में उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार प्रत्येक लाभार्थी के घर जाकर सत्यापन किया गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मौके पर जुटाए गए तथ्यों के आधार पर विस्तृत जांच आख्या तैयार की जा रही है, जिसे शीघ्र ही उच्चाधिकारियों को प्रेषित किया जाएगा। यदि जांच में कोई अपात्र व्यक्ति अंत्योदय योजना का लाभ लेते पाया गया, तो उसका कार्ड निरस्त कर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यूपी: प्रदेश में सात आईएएस अफसरों के तबादले https://t.co/0QBFRNO2N4
— Voice of News 24 (@VOfnews24) October 14, 2026













