बुलंदशहर: कोटला में शराब ठेके पर ग्रामीणों का भारी आक्रोश, संचालक पर अवैध बिक्री और नियम विरुद्ध कार्य के गंभीर आरोप

बुलंदशहर

बुलंदशहर जनपद के दानपुर ब्लॉक के अंतर्गत न्याय पंचायत जिरौली के ग्राम कोटला में स्थित एक शराब के ठेके को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में जबरदस्त उबाल देखने को मिल रहा है।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के दानपुर ब्लॉक के अंतर्गत न्याय पंचायत जिरौली के ग्राम कोटला में स्थित एक शराब के ठेके को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में जबरदस्त उबाल देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों ने ठेका संचालक पर शासन के नियमों की धज्जियां उड़ाने और क्षेत्र का माहौल खराब करने के गंभीर आरोप लगाते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का स्पष्ट आरोप है कि ठेका संचालक जितेंद्र द्वारा आबकारी विभाग के नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बावजूद रात 10 बजे के बाद भी ठेके से शराब बेची जाती है। इतना ही नहीं, यह भी आरोप लगाया गया है कि संचालक अपने आवास से भी अवैध रूप से शराब की पेटियों की आपूर्ति कर रहा है, जो पूरी तरह से गैरकानूनी है।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि ठेके पर शराब को निर्धारित प्रिंट रेट से अधिक कीमत पर बेचा जा रहा है। अवैध वसूली और ओवररेटिंग के चलते आम लोगों का आर्थिक शोषण हो रहा है, जिससे स्थानीय निवासियों में गहरा रोष व्याप्त है।

गांव के लोगों ने बताया कि ठेके के आसपास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिसके कारण आए दिन गाली-गलौज और मारपीट की घटनाएं आम हो गई हैं। इस दूषित माहौल की वजह से गांव की महिलाओं और बुजुर्गों का रास्ते से निकलना दूभर हो गया है और वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

उग्र ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और आबकारी विभाग से मांग की है कि:

ठेका संचालक जितेंद्र के खिलाफ तत्काल जांच कर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए।

रात में देर तक शराब की बिक्री और घर से होने वाली अवैध सप्लाई पर तुरंत रोक लगाई जाए।

ठेके का संचालन पूरी तरह से सरकारी नियमावली के तहत सुनिश्चित कराया जाए।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रशासन ने इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए, तो गांव की शांति व्यवस्था भंग हो सकती है और ग्रामीण बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

 

Voice Of News 24