महराजगंज

महराजगंज जनपद की कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाने और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाइन में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद की कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाने और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाइन में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। गोरखपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक एस. चन्नप्पा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पुलिस की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की गई। बैठक की शुरुआत में पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर डीआईजी का स्वागत किया।
अनुशासनहीनता पर सीधे नपेंगे थाना प्रभारी
बैठक में डीआईजी एस. चन्नप्पा का रुख पुलिसकर्मियों के अनुशासन और आचरण को लेकर बेहद सख्त नजर आया। उन्होंने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि ड्यूटी के दौरान वर्दी मानकों का उल्लंघन, आमजन से अभद्र व्यवहार, अनुशासनहीनता या किसी भी संदिग्ध व आपराधिक गतिविधि में संलिप्तता पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी को बख्शा नहीं जाएगा। इतना ही नहीं, ऐसी लापरवाही सामने आने पर संबंधित थाना प्रभारी की भी सीधे तौर पर जवाबदेही तय की जाएगी।
अपराधियों और तस्करों पर कसेगा शिकंजा
डीआईजी ने लंबित विवेचनाओं एवं मुकदमों का गुणवत्तापूर्ण और शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वांछित और इनामी अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी, हिस्ट्रीशीटरों के नियमित सत्यापन और उनकी गतिविधियों पर पैनी नजर रखने को कहा। इसके साथ ही अवैध खनन, गोकशी और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर गैंगस्टर व गुंडा एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। यातायात नियमों के तहत नाबालिगों के वाहन चलाने पर भी सख्ती बरतने को कहा गया।
महिला सुरक्षा, साइबर क्राइम और सोशल मीडिया पर नजर
बैठक में महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने पर जोर दिया गया। डीआईजी ने सोशल मीडिया सेल को सक्रिय रखते हुए भ्रामक, आपत्तिजनक सामग्री या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल विधिक कार्रवाई करने का आदेश दिया।
छठ पूजा को लेकर विशेष सतर्कता
आगामी छठ महापर्व के मद्देनजर डीआईजी ने घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्थानीय आयोजकों और प्रशासनिक विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर पर्व को सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
तकनीकी पुलिसिंग और ‘मिशन शक्ति’ टीम का सम्मान
डीआईजी ने पुलिसिंग को आधुनिक बनाने के लिए ‘ई-साक्ष्य’ एवं ‘यक्ष ऐप’ के प्रभावी उपयोग, न्यायालय में महत्वपूर्ण मुकदमों की मजबूत पैरवी कर दोषसिद्धि की दर बढ़ाने और सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच करने को कहा। इस दौरान महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाली ‘मिशन शक्ति’ टीम को डीआईजी ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया और उनके कार्यों की सराहना की।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी , प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष व अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अंत में डीआईजी ने सभी को संवेदनशील, जवाबदेह और जनहितकारी पुलिसिंग करने की नसीहत दी।
महराजगंज : राप्ती नदी में मूर्ति विसर्जन के दौरान डूबे रमेश का शव बरामद, कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के भरगाई में मिला शव। https://t.co/MnPxWgsh3O
— Voice of News 24 (@VOfnews24) November 13, 2026


















