नरौरा: बिजली बिलों में भारी छूट पाने का आखिरी मौका, 31 मार्च तक जमा करें बकाया

बुलंदशहर

बुलंदशहर जनपद के डिबाई के नरौरा क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। विद्युत विभाग द्वारा संचालित ‘बिजली बिल राहत योजना-2025’ के तहत बकाया जमा करने का अब अंतिम अवसर बचा है। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के डिबाई के नरौरा क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। विद्युत विभाग द्वारा संचालित ‘बिजली बिल राहत योजना-2025’ के तहत बकाया जमा करने का अब अंतिम अवसर बचा है। यह योजना 31 मार्च 2026 तक ही वैध है, जिसके बाद उपभोक्ताओं को मिलने वाली सरचार्ज (ब्याज) में विशेष छूट का लाभ समाप्त हो जाएगा।

स्मार्ट मीटर से मिलेगी सटीक बिलिंग और आधुनिक सुविधाएं

विद्युत वितरण खंड नरौरा द्वारा क्षेत्र में पुराने मीटरों को बदलकर निःशुल्क स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य भी युद्ध स्तर पर जारी है। इन मीटरों के लगने से उपभोक्ताओं को बिजली खपत की रियल-टाइम जानकारी, मोबाइल पर एसएमएस अलर्ट और पारदर्शी बिलिंग जैसी सुविधाएं मिलेंगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्मार्ट मीटर वाले घरों में अब मीटर रीडर का इंतजार नहीं करना होगा; बिल सीधे मोबाइल और ईमेल पर प्राप्त होंगे।

ऑनलाइन भुगतान की सुविधा और खुले रहेंगे कैश काउंटर

31 मार्च की अंतिम तिथि को देखते हुए विभागीय कार्यालयों और उपकेंद्रों पर कैश काउंटर खुले रहेंगे। इसके अतिरिक्त उपभोक्ता यूपीआई, पेटीएम, विभागीय वेबसाइट या मोबाइल ऐप के माध्यम से भी घर बैठे अपने बिलों का भुगतान कर सरचार्ज माफी का लाभ उठा सकते हैं।

अधिशासी अभियंता की अपील

अधिशासी अभियंता योगेश कुमार ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय रहते अपना बकाया जमा कर कानूनी कार्यवाही से बचें और योजना का लाभ उठाएं। उन्होंने नागरिकों से “राष्ट्रीय हित में बिजली बचाने” का भी आह्वान किया है।

 

Voice Of News 24