अहमदगढ़

बुलंदशहर जनपद में प्रकाश और उल्लास के पर्व दीपावली पर जहां हर कोई अपने घरों को दीयों से जगमगा रहा है, वहीं अहमदगढ़ निवासी सोनू कुमार ने एक जरूरतमंद को रक्तदान कर किसी की जिंदगी में उम्मीद का नया उजाला बिखेरा।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद में प्रकाश और उल्लास के पर्व दीपावली पर जहां हर कोई अपने घरों को दीयों से जगमगा रहा है, वहीं अहमदगढ़ निवासी सोनू कुमार ने एक जरूरतमंद को रक्तदान कर किसी की जिंदगी में उम्मीद का नया उजाला बिखेरा। उन्होंने त्योहार की असली खुशी मानवता की सेवा में ढूंढते हुए समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है।
जीवनधारा ब्लड बैंक पहुंचकर तीसरी बार किया रक्तदान
‘देव म्यूजिक सिस्टम’ के संचालक सोनू कुमार ने बुलंदशहर स्थित जीवनधारा ब्लड बैंक पहुंचकर स्वेच्छा से रक्तदान किया। यह उनका तीसरा रक्तदान था। उन्होंने साबित कर दिखाया कि त्योहारों की सार्थकता सिर्फ निजी खुशियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान लाने और किसी का जीवन बचाने में ही पर्व का वास्तविक आनंद निहित है।
‘जूनियर हेलमेट मैन’ जय भगवान सिंह से मिली प्रेरणा
रक्तदान के उपरांत सोनू कुमार ने बताया कि उन्हें इस पुनीत कार्य की प्रेरणा ‘जूनियर हेलमेट मैन ऑफ इंडिया’ जय भगवान सिंह से मिली है। उन्हीं के सड़क सुरक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों को देखकर उन्होंने रक्तदान को अपनी दिनचर्या और दायित्व का हिस्सा बनाया। उन्होंने जय भगवान सिंह का आभार जताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन ने उन्हें संकट में फंसे मरीजों की जान बचाने के लिए आगे आने की हिम्मत दी।
समाजसेवी डॉ. मनमोहन रोहिला ने किया सम्मानित
व्यवसाय के साथ-साथ समाज के गरीब, शोषित और असहाय वर्गों की मदद में निरंतर सक्रिय रहने वाले सोनू कुमार के इस कदम की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। इस अवसर पर प्रख्यात समाजसेवी डॉ. मनमोहन रोहिला ने सोनू कुमार को सम्मानित करते हुए उनके सेवा भाव की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। डॉ. रोहिला ने कहा कि रक्तदान महादान है और संकट के समय रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं होता। त्योहारों के अवसर पर दूसरों के जीवन की रक्षा करना ही सबसे बड़ा पुण्य कार्य है।
सोनू कुमार ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि घरों में जलने वाले मिट्टी के दीये तो आंगन का अंधकार दूर करते ही हैं, लेकिन हमारा रक्तदान किसी गंभीर मरीज के बुझते जीवन में उम्मीद का नया दीया रोशन कर सकता है।
बुलंदशहर: दीपावली से पहले अनूपशहर में खाद्य विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी, केसर स्वीट्स से बर्फी और गोयल स्वीट्स से खोया का नमूना सील
https://t.co/EG9yfQM3Fl
— Voice of News 24 (@VOfnews24) November 5, 2026












