लखीमपुर खीरी
लखीमपुर खीरी जनपद के विकास खंड फूलबेहड़ की ग्राम पंचायत बसहामाफी (गांव खोस्टवा) में प्रशासनिक लापरवाही और दबंगई का एक गंभीर मामला सामने आया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

लखीमपुर खीरी जनपद के विकास खंड फूलबेहड़ की ग्राम पंचायत बसहामाफी (गांव खोस्टवा) में प्रशासनिक लापरवाही और दबंगई का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ गांव खोस्टवा से गडरियन पुरवा को जाने वाले मुख्य सार्वजनिक रास्ते पर अवैध रूप से तालाब का निर्माण कराकर रास्ता पूरी तरह बाधित कर दिया गया है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह ठप्प हो गया है।
मुख्य रास्ते को तालाब में बदला, बच्चों और किसानों की बढ़ी मुसीबत
मिली जानकारी के अनुसार, यह सार्वजनिक रास्ता मथुरा पाल के घर के पास से होकर गुजरता है, जो आसपास के ग्रामीणों की आवाजाही का मुख्य माध्यम है। रास्ते को अवैध रूप से तालाब में तब्दील कर दिए जाने से स्कूली बच्चों, किसानों और आम राहगीरों का पैदल निकलना भी दूभर हो गया है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले मासूम नौनिहालों और खेतों की तरफ जाने वाले किसानों को हो रही है, जिन्हें अब लंबा और जोखिम भरा चक्कर लगाकर जाना पड़ रहा है।
अधिकारियों के चक्कर काट रहे ग्रामीण, नहीं हो रही सुनवाई
सार्वजनिक रास्ते पर इस तरह के अवैध कब्जे को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि वे इस गंभीर जनसमस्या को लेकर कई बार जिम्मेदार अधिकारियों के चक्कर काट चुके हैं। उन्होंने खंड विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत सचिव से लिखित व मौखिक रूप से रास्ते को कब्जा मुक्त कराने की गुहार लगाई, लेकिन हफ्तों बीत जाने के बाद भी धरातल पर कोई प्रशासनिक कार्रवाई नहीं हुई है।
इस पूरे प्रकरण में जब संबंधित अधिकारियों का पक्ष जानने की कोशिश की गई, तो उनसे संपर्क नहीं हो सका। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस गंभीर जनसमस्या का संज्ञान लेकर कब तक कार्रवाई करता है।
दानपुर के ग्राम दौराऊ में सार्वजनिक शौचालय बदहाल, ग्रामीणों ने बीडीओ से की शिकायत; जांच का आश्वासनhttps://t.co/EO4x2fc8RX
— Voice of News 24 (@VOfnews24) July 20, 2026













