शिकायतों के बाद होटल पर फूड और बिजली विभाग का संयुक्त छापा, मचा हड़कंप

बुलंदशहर

बुलंदशहर जनपद के स्याना के बुलंदशहर रोड स्थित एक नामी होटल पर शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा (फूड) विभाग और विद्युत विभाग की संयुक्त टीम ने अचानक छापेमारी की। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।


बुलंदशहर जनपद के स्याना के बुलंदशहर रोड स्थित एक नामी होटल पर शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा (फूड) विभाग और विद्युत विभाग की संयुक्त टीम ने अचानक छापेमारी की। क्षेत्र में लगातार मिल रही गंभीर शिकायतों के बाद जिला प्रशासन के निर्देश पर की गई इस औचक कार्रवाई से होटल परिसर में हड़कंप मच गया और वहां मौजूद स्टाफ व प्रबंधकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, संबंधित विभागों को काफी समय से शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि उक्त होटल में ग्राहकों को अत्यंत घटिया और दूषित खाना परोसा जा रहा है, जिससे जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा था। इसके साथ ही होटल में बड़े पैमाने पर बिजली चोरी किए जाने की भी आशंका जताई जा रही थी। इन्हीं इनपुट्स के आधार पर दोनों विभागों के आला अधिकारियों ने रणनीति बनाकर शुक्रवार को एक साथ होटल पर धावा बोल दिया।

संयुक्त कार्रवाई के दौरान फूड विभाग की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए होटल की रसोई (किचन) से दाल, पनीर और रिफाइंड तेल के 3 अलग-अलग सैंपल सील किए, जिन्हें तत्काल राजकीय प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जा रहा है। अधिकारियों ने किचन की साफ-सफाई, स्वच्छता मानकों और खाद्य सामग्री की भंडारण गुणवत्ता की भी गहनता से पड़ताल की। वहीं, दूसरी ओर बिजली विभाग की तकनीकी टीम ने होटल के मीटर, मुख्य केबल, स्वीकृत लोड और कनेक्शन की बारीकी से जांच की ताकि बिजली चोरी पकड़ी जा सके।

फूड सेफ्टी अधिकारी ने दो टूक शब्दों में कहा कि आगामी त्योहारों और सार्वजनिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मिलावटखोरों के खिलाफ यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी या मानकों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रयोगशाला से सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद होटल प्रबंधन के खिलाफ कठोर कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

Voice Of News 24