विकास भवन में अनुदेशक मानदेय बढ़ोत्तरी चेक वितरण समारोह आयोजित, 258 अनुदेशकों को मिला लाभ

सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर जनपद के परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत अनुदेशकों की मानदेय बढ़ोत्तरी के उपलक्ष्य में रविवार को विकास भवन स्थित आंबेडकर सभागार में एक भव्य ‘अनुदेशक मानदेय बढ़ोत्तरी चेक वितरण समारोह’ का आयोजन किया गया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद के परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत अनुदेशकों की मानदेय बढ़ोत्तरी के उपलक्ष्य में रविवार को विकास भवन स्थित आंबेडकर सभागार में एक भव्य ‘अनुदेशक मानदेय बढ़ोत्तरी चेक वितरण समारोह’ का आयोजन किया गया। इस गरिमामयी समारोह में जनप्रतिनिधियों ने जिले के अनुदेशकों को बढ़े हुए मानदेय के प्रतीकात्मक चेक प्रदान कर उनके उत्कृष्ट योगदान की सराहना की।

 

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा उपस्थित रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य एवं भाजपा जिला मंत्री फतेह बहादुर सिंह ने शिरकत कर अनुदेशकों का हौसला बढ़ाया। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार बुनियादी शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ और पारदर्शी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। अनुदेशकों के मानदेय में की गई यह वृद्धि इसी संकल्प का हिस्सा है, जिससे शिक्षाकर्मियों का मनोबल बढ़ेगा और वे अधिक ऊर्जा व समर्पण के साथ नौनिहालों के भविष्य निर्माण में योगदान देंगे।

प्रमुख अनुदेशकों को मिले चेक

जनपद में कार्यरत कुल 258 अनुदेशकों को इस बढ़ी हुई मानदेय योजना का सीधा लाभ मिला है। समारोह के दौरान मंच से प्रतीकात्मक रूप से कई अनुदेशकों को चेक व प्रमाण पत्र सौंपे गए, जिनमें राजकुमार, रोमा मिश्रा, सत्य प्रकाश, शकुंतला, रंभा, संगीता कन्नौजिया, पप्पू सिंह, हरीश यादव, विनीता चतुर्वेदी, राजकुमार पांडेय, सीमा निषाद और अरविंद सोनी प्रमुख रूप से शामिल रहे। चेक प्राप्त करने के बाद अनुदेशकों ने सरकार और बेसिक शिक्षा विभाग के प्रति आभार जताया।

विभागीय अधिकारी रहे मौजूद

इससे पूर्व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) शैलेष कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं व शैक्षिक कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।

इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी राम कुमार सिंह, संजय कुमार, ओम प्रकाश मिश्र, जिला समन्वयक अमित शुक्ला, आशीष शुक्ला, आशीष सिंह और धर्म प्रकाश श्रीवास्तव सहित भारी संख्या में शिक्षा विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं अनुदेशक उपस्थित रहे। मानदेय वृद्धि को लेकर पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुदेशकों में भारी उत्साह और खुशी का माहौल देखा गया।

 

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.