देवरिया

देवरिया न जनपद के भटनी थाना क्षेत्र अंतर्गत नोनापार गांव में मंगलवार देर रात दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

देवरिया जनपद के भटनी थाना क्षेत्र अंतर्गत नोनापार गांव में मंगलवार देर रात दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। यहां एक झोपड़ी में अचानक भीषण आग लगने से ससुर, दामाद और तीन वर्षीय मासूम नाती की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से झुलसी बेटी को नाजुक हालत में महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
मृतकों की पहचान बालकिशुन (56), उनके दामाद जितेंद्र प्रसाद (32) और नाती शनि (3) के रूप में हुई है। वहीं जितेंद्र की पत्नी लीला (30) जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही हैं।
परिजनों के अनुसार, बालकिशुन की बेटी लीला पिछले तीन साल से मायके में ही रह रही थीं। वह अपने पति जितेंद्र के साथ सूप और डलिया बनाने का काम करती थीं। मंगलवार को पूरा परिवार दशहरा मेला घूमने गया था। रात को खाना खाकर सभी एक झोपड़ी में सो गए, जबकि बालकिशुन का बेटा रतन परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पास स्थित दूसरी झोपड़ी में सो रहा था।
देर रात करीब 2 बजे अचानक झोपड़ी में आग लग गई। लपटें इतनी विकराल थीं कि अंदर सो रहे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। जब तक परिजनों की आंख खुली, वे चारों तरफ से आग से घिर चुके थे।
चीख-पुकार पर दौड़े ग्रामीण, तीन की मौके पर ही गई जान
आग की लपटें और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े और पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। कुछ ग्रामीणों ने साहस दिखाकर जलती झोपड़ी से बुरी तरह झुलसी लीला और जितेंद्र को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बालकिशुन और मासूम शनि दम तोड़ चुके थे। अस्पताल ले जाते समय जितेंद्र की भी मौत हो गई।
अस्पताल में डॉक्टरों ने बालकिशुन, जितेंद्र और शनि को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, लीला 60 से 70 प्रतिशत तक झुलस चुकी हैं और उनकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।
सूचना पर डायल 112 और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटना की विस्तृत जांच में जुटे हैं।
खाद की किल्लत और भ्रष्टाचार के खिलाफ किसानों का फूटा गुस्सा, 22 अक्टूबर तक का अल्टीमेटम
https://t.co/tXQHWFvknX
— Voice of News 24 (@VOfnews24) October 20, 2026












