बागापार

बाल्मीकि चौराहे पर मधुबनी शाखा नहर पुल का मामला: बरसात में कीचड़ ने रुलाया, अब धूल से लोग परेशान।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद में राहगीरों का सफर आसान बनाने और क्षेत्र के विकास के लिए बनाया गया पुल अब खुद जनता के लिए जी का जंजाल बन गया है। बाल्मीकि चौराहे के पास मधुबनी शाखा नहर पर पुल का निर्माण कार्य पूरा हुए करीब चार माह बीत चुके हैं, लेकिन इसके दोनों छोर पर संपर्क मार्ग (एप्रोच रोड) का निर्माण अब तक लंबित है। बारिश के मौसम में जहां कच्ची मिट्टी के चलते कीचड़ और फिसलन से आवागमन दूभर था, वहीं अब मिट्टी सूखने के बाद दिनभर उड़ते धूल के गुबार ने राहगीरों के साथ-साथ स्थानीय दुकानदारों का जीना मुहाल कर दिया है।
दर्जनों गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग, दिनभर उड़ रहा धूल का गुबार
यह मार्ग सिंदुरिया को झनझनपुर, बागापार, फुर्सतपुर, समरधीरा और रानीपुर सहित दर्जनों प्रमुख गांवों से जोड़ता है। इस वजह से यहां से प्रतिदिन हजारों की संख्या में दोपहिया, चारपहिया वाहन और पैदल राहगीर गुजरते हैं।
पुल का मुख्य ढांचा महीनों पहले खड़ा हो जाने के बावजूद संपर्क मार्ग अधूरा छोड़ दिया गया। वाहनों की आवाजाही से दिनभर धूल का भारी गुबार उठता रहता है, जो सीधे सड़क किनारे स्थित दुकानों और घरों में घुस रहा है। इससे दुकानदारों के लिए सामान को सुरक्षित रखना भारी पड़ रहा है और उनका व्यापार सीधे तौर पर प्रभावित हो रहा है। दोपहिया वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को मुंह ढककर निकलने को मजबूर होना पड़ रहा है।
मौसम बदला पर नहीं बदली मुसीबत: स्थानीय दुकानदार
स्थानीय दुकानदार कंदर्भ पटेल, रामाकांत, मुस्तकीम, इंद्रेश, अवधेश और गजेंद्र आदि का कहना है कि मौसम बदलने के बावजूद उनकी परेशानियां कम नहीं हुईं। उनका दर्द है कि बरसात के दिनों में जलभराव और फिसलन से दुर्घटनाओं का डर बना रहता था, और अब उड़ती धूल से स्वास्थ्य और व्यापार दोनों पर बुरा असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने सिंचाई व निर्माण विभाग से तत्काल पक्के एप्रोच मार्ग के निर्माण की मांग की है।
15 दिनों में पूरा कराया जाएगा निर्माण: अधिशासी अभियंता
मामले को लेकर सिंचाई खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता विनोद वर्मा ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि तकनीकी कारणों से एप्रोच मार्ग की मिट्टी को बैठने (कंपैक्शन) का समय दिया गया था, ताकि पक्की सड़क बनने के बाद जमीन धंसने की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने आश्वासन दिया कि विभाग द्वारा तेजी से कार्य कराते हुए अगले 15 दिनों के भीतर एप्रोच रोड का निर्माण कार्य पूरी तरह संपन्न करा दिया जाएगा।
यूपी: प्रदेश में सात आईएएस अफसरों के तबादले https://t.co/0QBFRNO2N4
— Voice of News 24 (@VOfnews24) October 14, 2026













