बागापार

महराजगं जनपद के सिंदुरिया-पिपरा कल्याण मार्ग स्थित झंझनपुर के पास एक आक्रामक काले बंदर ने भारी उत्पात मचाया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगं जनपद के सिंदुरिया-पिपरा कल्याण मार्ग स्थित झंझनपुर के पास एक आक्रामक काले बंदर ने भारी उत्पात मचाया। बुधवार सुबह पेट्रोल पंप के समीप बंदर ने राहगीरों पर अचानक हमला कर दो लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। बंदर के इस हिंसक रूप को देख पेट्रोल पंप कर्मियों में दहशत फैल गई और वे काम छोड़कर कमरों में छिपने को मजबूर हो गए। हमले के डर से सड़क पर करीब एक घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और आवागमन बाधित रहा।
राहगीरों पर झपटा बंदर, दो लोग लहुलुहान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बुधवार सुबह एक काला बंदर अचानक पेट्रोल पंप परिसर में आकर बैठ गया। शुरुआत में शांत दिखने के बाद वह अचानक आक्रामक हो उठा और रास्ते से गुजरने वाले लोगों पर झपटने लगा।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे सिंदुरिया निवासी हरिदयाल पर बंदर ने हमला बोल दिया और उनके पैर में बुरी तरह काट लिया। हरिदयाल किसी तरह जान बचाकर वहां से भागे। इसके कुछ ही देर बाद बिषौखोर (टोला फुलोही) निवासी राकेश पुत्र कबिलाश भी वहां से निकले, तो बंदर ने उनकी बाईं बांह पर हमला कर गहरा घाव कर दिया।
पेट्रोल पंप छोड़ कमरों में दुबके कर्मचारी
बंदर के लगातार हो रहे हिंसक हमलों से पेट्रोल पंप पर तैनात कर्मचारी बुरी तरह सहम गए। किसी अनहोनी की आशंका के चलते कर्मचारी नोजल और मशीनें छोड़कर तुरंत ऑफिस के कमरे में घुस गए और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। हमले के खौफ से राहगीर भी रुक गए और मार्ग पर दोनों ओर वाहनों के पहिए थम गए।
वन विभाग ने चलाया सर्च ऑपरेशन, हाथ नहीं लगा बंदर
घटना की जानकारी स्थानीय ग्रामीणों द्वारा तुरंत वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही फॉरेस्टर नित्यानंद मौर्य के नेतृत्व में वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, टीम के आने से पहले ही बंदर वहां से निकलकर पेड़ों और झाड़ियों की ओर ओझल हो चुका था।
वन विभाग की टीम ने आसपास के बगीचों और खेतों में बंदर की काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। इस घटना के बाद से पूरे इलाके और राहगीरों में बंदर के हमले को लेकर दहशत का माहौल बना हुआ है।
यूपी: प्रदेश में सात आईएएस अफसरों के तबादले https://t.co/0QBFRNO2N4
— Voice of News 24 (@VOfnews24) October 14, 2026













