डिबाई

बुलंदशहर जनपद के डिबाई ब्लॉक की न्याय पंचायत सूरजपुर मखैना में विभिन्न गलियों में पसरी गंदगी को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के डिबाई ब्लॉक की न्याय पंचायत सूरजपुर मखैना में विभिन्न गलियों में पसरी गंदगी को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि गलियों में जगह-जगह कूड़े-कचरे का अंबार लगा हुआ है, जिससे न केवल आवागमन बाधित हो रहा है बल्कि क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी मंडरा रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि आगामी मोहर्रम पर्व के अवसर पर निकाला जाने वाला पारंपरिक ताजिया जुलूस और कुछ समय बाद जन्माष्टमी पर्व पर भगवान श्रीकृष्ण का डोला इन्हीं प्रमुख गलियों से होकर गुजरता है। ऐसे में दोनों समुदायों के लोगों ने एकजुट होकर त्योहारों से पूर्व गांव की कायाकल्प करने और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था कराने की पुरजोर मांग की है।

प्रधान से गुहार, बीडीओ ने दिया आश्वासन

ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान मोनू सिंह से मिलकर जल्द से जल्द गांव की सभी आंतरिक गलियों की सफाई कराने का आग्रह किया है।

इस संबंध में खंड विकास अधिकारी हरविंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में विभाग के पास बजट सीमित मात्रा में उपलब्ध है, लेकिन त्योहारों के महत्व को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर गांव में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

सफाई अभियान चलाने की सामूहिक मांग

गांव की व्यवस्था से नाराज जान मोहम्मद, पूर्व प्रधान वारिस खान, शकील अंसारी, डॉ. आबिद अली, डॉ. जावेद, अखिल खान, रामेश्वर दयाल, रणजीत सिंह, विजेंद्र फौजी, अनिल बघेल, रामबाबू बघेल और तजवीर सिंह सहित दर्जनों गणमान्य नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मोहर्रम एवं जन्माष्टमी जैसे महत्वपूर्ण पर्वों से पहले गांव में एक विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि समय रहते गलियों को साफ कराया जाए ताकि श्रद्धालुओं एवं आम ग्रामीणों को त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

 

Voice Of News 24 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *