सिकंदराबाद

बुलंदशहर जनपद के सिकंदराबाद देहात क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हसनपुर में बीती रात उस समय हड़कंप मच गया। जब एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के सिकंदराबाद देहात क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हसनपुर में बीती रात उस समय हड़कंप मच गया। जब एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। गोलीकांड की इस घटना से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा और घायल युवक को उपचार व मेडिकल परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भिजवाया। पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना बुधवार की रात हसनपुर गांव में स्थित एक जिम के पास की है। अचानक हुई फायरिंग की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। आज के दौर में युवाओं के भीतर से कानून का खौफ और जेल जाने का डर खत्म होता जा रहा है। छोटी-छोटी बातों और मामूली विवादों पर नवयुवक एक-दूसरे पर सरेआम फायरिंग करने से भी गुरेज नहीं कर रहे हैं।

जानकारों का कहना है कि पूर्व में जहां युवा बुजुर्गों के पास बैठकर सामाजिक ताने-बाने, आपसी प्यार-मोहब्बत और सभ्यता की बातें सीखते थे, वहीं आज मोबाइल और इंटरनेट के अत्यधिक उपयोग ने मानवीय संवेदनाओं और आपसी रिश्तों को हाशिए पर धकेल दिया है। हालांकि, उत्तर प्रदेश पुलिस लगातार अपराधियों के खिलाफ एनकाउंटर और सख्त मुस्तैदी की कार्रवाई कर रही है, लेकिन इसके बावजूद ऐसी छिटपुट वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं।

हसनपुर गांव में युवक को गोली लगने की इस गंभीर घटना के बाद पुलिस के आला अधिकारी भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। घायल युवक की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और अस्पताल में उसका उपचार जारी है।

इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी सिकंदराबाद, भास्कर कुमार मिश्रा ने बताया कि बीती रात हसनपुर गांव में एक युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसमें वह घायल हुआ है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल को तत्काल चिकित्सकीय सहायता के लिए सीएससी रवाना किया। सीओ ने स्पष्ट किया कि पीड़ित पक्ष या परिजनों की ओर से जैसे ही लिखित तहरीर प्राप्त होती है, तुरंत सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच-पड़ताल की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कड़ी विधिक वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

 

Voice Of News 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *